
लोकायुक्त NEWS
कुशीनगर। जिले के कप्तानगंज नगर में गुरुवार को एक अनोखा जन्मदिन समारोह पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। वार्ड नंबर-2 स्थित बड़ी मस्जिद के समीप निवासी सुरेश माली ने अपने पालतू कुत्ते ‘रॉकी’ का पहला जन्मदिन बेहद भव्य अंदाज में मनाया। इस खास आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और दूर-दराज से आए मेहमानों ने भाग लिया।
समारोह स्थल को रंग-बिरंगे गुब्बारों, झालरों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। तय समय पर रॉकी ने केक कटवाया, जिसके बाद मेहमानों के लिए शाही भोज का आयोजन किया गया। दावत में चाऊमीन, बर्गर, आइसक्रीम, मटन, चिकन, पनीर, पूरी, चावल, दही-बड़ा, दाल और कई स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए।
कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए ऑर्केस्ट्रा की भी व्यवस्था की गई थी। देर शाम तक संगीत और नृत्य का दौर चलता रहा, जिससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
इस अनोखे आयोजन की चर्चा पूरे नगर में होती रही। कई लोगों ने इसे पशु प्रेम की मिसाल बताया, जबकि कुछ लोगों ने पालतू कुत्ते के जन्मदिन पर इतने भव्य आयोजन को हैरतअंगेज बताया। आयोजन पर लाखों रुपये खर्च होने की चर्चाएं भी लोगों के बीच होती रहीं।
