Homeअपराध (Crime)कुशीनगर में एक साथ छह लड़कियां लापता-मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस...

कुशीनगर में एक साथ छह लड़कियां लापता-मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस !

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस, जल्द बरामदगी का दावा


लोकायुक्त न्यूज


कुशीनगर। जनपद के थाना कसया क्षेत्र अंतर्गत मल्लूडीह मोहल्ले से एक साथ छह लड़कियों के लापता होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सभी लड़कियां 8 अप्रैल 2026 को अपने घरों से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। लापता लड़कियों में किरण (18 वर्ष) पुत्री राजन राजभर, मनीषा (18 वर्ष) पुत्री राजन राजभर, नंदिनी (18 वर्ष) पुत्री स्वर्गीय दीनानाथ राजभर, सलोनी (13 वर्ष) पुत्री मुन्ना राजभर, अनुष्का (19 वर्ष) पुत्री राजेंद्र राजभर तथा रिफत खातून (22 वर्ष) पुत्री सफदर शामिल हैं। सभी एक ही मोहल्ले मल्लूडीह, थाना कसया की निवासी हैं। घटना के शुरुआती दौर में एक छोटे बच्चे ने बताया था कि उसने सभी लड़कियों को हाईवे पर एक बस में चढ़ते हुए देखा है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने बस स्टैंड और मार्गों पर जांच शुरू की थी। हालांकि अब जांच में एक नया पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक लड़की ने अपने एक परिचित को पहले ही यह जानकारी दी थी कि वे सभी लखनऊ जाने की योजना बना रही हैं, जहां वे काम कर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं। इस नई जानकारी के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए लखनऊ समेत अन्य संभावित स्थानों पर निगरानी तेज कर दी है। कसया पुलिस द्वारा गांव से बाहर जाने वाले मार्गों, बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर मोबाइल लोकेशन के आधार पर लड़कियों की तलाश की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी आशीष सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर आवश्यक जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सर्विलांस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही लड़कियों को बरामद कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को इन लड़कियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है तो तत्काल सूचित करें।
सूचना हेतु संपर्क नंबर
एसपी कुशीनगर – 9454400289
एडीशनल एसपी – 7830704070
सीओ कसया – 8593919196
थाना प्रभारी कसया – 8317057559
पुलिस के अनुसार, मामले में लगातार कार्रवाई जारी है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments