
लोकायुक्त NEWS
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते ईरान-अमेरिका तनाव का असर अब भारत में एलपीजी गैस आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। गैस की उपलब्धता को संतुलित बनाए रखने के लिए सरकार ने एलपीजी सिलेंडर वितरण को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। तेल कंपनियों को आदेश दिया गया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए और व्यावसायिक सिलेंडरों की सप्लाई सीमित की जाए।
25 दिन बाद ही होगी अगली बुकिंग
नए निर्देशों के अनुसार अब उपभोक्ता एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद अगले सिलेंडर की बुकिंग कम से कम 25 दिन बाद ही कर सकेंगे। इससे पहले यह समय सीमा 21 दिन थी। सरकार का कहना है कि इससे घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई सीमित
तेल कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य निजी प्रतिष्ठानों को मिलने वाले कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति धीरे-धीरे कम की जाए। हालांकि अस्पताल, जेल, पुलिस किचन और सैन्य प्रतिष्ठानों जैसी अत्यावश्यक सेवाओं को गैस सप्लाई पहले की तरह जारी रहेगी।
कीमतों में बढ़ोतरी का असर
हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में लगभग 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में करीब 115 रुपये की बढ़ोतरी भी हुई है, जिससे आम उपभोक्ताओं और कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
