HomeHOMEUP में दिल दहला देने वाली घटना: मां ने बेटे को सीने...

UP में दिल दहला देने वाली घटना: मां ने बेटे को सीने से लगाकर लगाई आग, डेढ़ साल के मासूम की मौत

LOKAYUKT NEWS

चित्रकूट : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने अपने डेढ़ वर्षीय बेटे को सीने से लगाकर खुद को आग लगा ली। इस हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि महिला और उसका पति गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया है।

देर रात हुआ घरेलू विवाद
घटना शहर के मिशन रोड स्थित सदर बाजार क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, पुरानी बाजार निवासी लेखराज अमरनानी अपनी पत्नी कोमल उर्फ चांदनी और डेढ़ वर्षीय बेटे गर्व के साथ यहां किराए के मकान में रहते थे। सोमवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

गुस्से में उठाया खौफनाक कदम
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद महिला ने आक्रोश में आकर अपने बेटे को सीने से लगाकर घर में रखा थिनर अपने ऊपर डाल लिया और आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर पति लेखराज उसे बचाने के लिए दौड़ा और बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।

पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला और उसके पति की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच
इस मामले में श्याम प्रताप पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का कारण घरेलू विवाद सामने आया है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

दोनों की थी दूसरी शादी
परिवार के लोगों के मुताबिक, लेखराज और कोमल दोनों की यह दूसरी शादी थी। उनकी पहली शादियां टूट चुकी थीं, जिसके बाद करीब दो साल पहले दोनों का विवाह हुआ था। हाल ही में उन्होंने शहर में जमीन खरीदकर नया घर बनाने के लिए भूमि पूजन भी किया था। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments