
लोकायुक्त NEWS
लखनऊ। मथुरा में प्रस्तावित फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर विरोध तेज हो गया है। सोमवार को अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा मथुरा इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि फिल्म की कथावस्तु जातिवाद पर आधारित प्रतीत होती है, जिससे समाज में गलत संदेश जा सकता है। महासभा का आरोप है कि फिल्म के नाम और विषयवस्तु से यादव समाज के सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंचने की आशंका है। उन्होंने कहा कि यादव समाज का राजनीति, सामाजिक और सैन्य क्षेत्र में देश निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, ऐसे में किसी भी प्रकार की नकारात्मक प्रस्तुति स्वीकार्य नहीं होगी।
प्रदर्शन में हरिओम यादव, अजय यादव, संजू यादव, राजवीर यादव, पवन कुमार यादव, सत्यदेव यादव, सुधांशु यादव सहित अनेक लोग मौजूद रहे। महासभा ने चेतावनी दी कि मांगों पर विचार नहीं होने पर आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।
