
GPO पर छात्र विंग का प्रदर्शन, अनित रावत बोले—बच्चों को शिक्षक और युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता हो !
लोकायुक्त न्यूज़
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति, बुनियादी सुविधाओं की कमी और शिक्षकों के 77,400 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी की छात्र विंग ने मंगलवार को लखनऊ के जीपीओ पर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष अनित रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
अनित रावत ने कहा कि प्रदेश के कई सरकारी विद्यालयों में पर्याप्त कक्ष और शिक्षक नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों को पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और शिक्षक भर्ती नहीं होने से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से सभी रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्तियां करने की मांग की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन का जिक्र करते हुए रावत ने कहा कि शिक्षा और रोजगार की मांग करने वाले युवाओं को ‘नक्सली दिमाग’ कहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि युवा अपना अधिकार मांग रहा है, कोई खैरात नहीं।
रावत ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से गरीब, मजदूर और किसान परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भर्ती से एक ओर स्कूलों में कमी दूर होगी, वहीं हजारों युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
प्रदर्शन में अंशुल यादव, आशीष, निलेश, चन्द्रजीत, शाहिद समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
