

बैलिस्टर तिवारी /लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोटरी क्लब कुशीनगर ने शनिवार को शैक्षणिक सामग्री वितरण अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के प्रथम चरण में उच्च प्राथमिक विद्यालय मुंडेरा रतन पट्टी कंपोजिट एवं प्राथमिक विद्यालय प्रेमवलिया के छात्र-छात्राओं को कॉपी, पेन, पेंसिल, इरेजर सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब कुशीनगर के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
शिक्षा बच्चों के सपनों को दिशा देने के साथ उनके भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बनें, इसके लिए क्लब लगातार प्रयास करता रहेगा।क्लब के सचिव दुर्गेश चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान की शुरुआत दो विद्यालयों से की गई है। इसके बाद क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विभिन्न सामाजिक पहल की जा रही हैं। पिछले वर्ष भी क्षेत्र के कई विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए गए थे।
क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उनमें शिक्षा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना को मजबूत करना है।कार्यक्रम का संचालन वाहिद अली ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, सचिव दुर्गेश चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष अखिलेश शर्मा, उपाध्यक्ष सदरे आलम, दिनेश यादव, सह सचिव अमरेंद्र नारायण सिंह, सार्जेंट एट आर्म्स सत्येंद्र राय, मीडिया प्रभारी रंजीत श्रीवास्तव, वरिष्ठ सदस्य विजय गुप्ता, वैभव राव, दीपक कुमार जायसवाल, निर्मला सिंह, प्रभात चतुर्वेदी, राजन चौरसिया, संध्या सिंह बघेल, सुनीता सिंह, दीपमाला सिंह, राम अवतार, शशिप्रभा एवं आदिल खान सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
