
लोकायुक्त News
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक बदलाव सामने आया है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक के पद से हटा दिया है। मायावती ने कहा कि आकाश आनंद को अभी राजनीतिक रूप से और अधिक परिपक्व होने की जरूरत है और फिलहाल उन्हें पार्टी की कोई बड़ी जिम्मेदारी देना उचित नहीं होगा।
मायावती ने पार्टी की राष्ट्रीय स्तर की बैठक में स्पष्ट किया कि आकाश आनंद को पार्टी में काम करने की अनुमति रहेगी, लेकिन उन्हें महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाएगी। उन्होंने यह फैसला बसपा संस्थापक कांशीराम के सिद्धांतों का हवाला देते हुए बताया।
यह आकाश आनंद के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें पहले मायावती के उत्तराधिकारी के तौर पर भी आगे बढ़ाया गया था। ताजा घटनाक्रम से 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बसपा की रणनीति और नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
