HomeHOMEमहाशिवरात्रि पर बाबा बौद्धनाथ स्थान पर उमड़ा जनसैलाब, भव्य प्रसाद वितरण

महाशिवरात्रि पर बाबा बौद्धनाथ स्थान पर उमड़ा जनसैलाब, भव्य प्रसाद वितरण

लोकायुक्त न्यूज
बैलिस्टर तिवारी

कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा शामपुर हतवा टोला छोटका पिपरा स्थित भूमि से प्रकट बाबा बौद्धनाथ स्थान पर महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार भोर में मंदिर का गेट खुलते ही शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना प्रारंभ कर दी।
मध्य रात्रि के बाद से ही आसपास के गांवों एवं दूरदराज क्षेत्रों से श्रद्धालु भांग, धतूरा, बेलपत्र, कनेर पुष्प, शमी पुष्प, गाय का दूध, गंगाजल, अक्षत एवं सिंदूर जैसी पूजन सामग्री के साथ मंदिर पहुंचते रहे। भक्तों ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्र के चहुंओर से महिला एवं पुरुष श्रद्धालु बाबा बौद्धनाथ स्थान पर दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। मंदिर के मुख्य गेट के दाहिनी ओर श्रद्धालुओं के लिए भव्य प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई, जहां दिनभर भक्तों के बीच प्रसाद वितरित होता रहा।
महाशिवरात्रि फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी को मनाया जाने वाला आस्था, जागरण और आध्यात्मिक ऊर्जा का महापर्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह पर्व भगवान शिव एवं माता पार्वती के पावन मिलन, शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रकट होने तथा उनके तांडव नृत्य की स्मृति में मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी शुभ रात्रि में भगवान शिव और माता पार्वती का दिव्य विवाह हुआ था, इसलिए यह पर्व गृहस्थ जीवन के लिए विशेष महत्व रखता है।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्थानीय स्तर पर विग्नेश चौबे, बृजेश नाथ त्रिपाठी, मोहन चौधरी, निलेश गुप्ता, विनोद दुबे, दिनेश शुक्ला,बाबा बौद्धनाथ स्थान के पुजारी मनोज गिरी, विपिन तिवारी, निराला तिवारी, अमित तिवारी सहित अनेक भक्तों द्वारा समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments