
लोकायुक्त न्यूज़
कुशीनगर। जिले के नगर पंचायत दुदही में नाली निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक स्थानीय व्यक्ति ने सार्वजनिक लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि गाटा संख्या 496 और सड़क संख्या 7388 पर नाली निर्माण के लिए जारी एनओसी की शर्तों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है।
शिकायत में बताया गया है कि संबंधित सड़क की चौड़ाई लगभग 220 कड़ी बताई गई है, जिसमें मध्य से एक ओर करीब 75 फीट तक भूमि उपलब्ध है। आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा एनओसी के आधार पर केवल 60 से 65 फीट भूमि पर ही नाली का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि शेष भूमि को खाली छोड़ दिया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि ऐसा कर कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, जिससे भविष्य में उस खाली भूमि पर अतिक्रमण की संभावना बढ़ सकती है। उनका आरोप है कि यदि पूरी उपलब्ध भूमि पर नाली निर्माण नहीं कराया गया तो सार्वजनिक सड़क की जमीन प्रभावित हो सकती है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि सड़क से जुड़ी शेष भूमि काफी मूल्यवान है और उसका उपयोग जनहित में होना चाहिए। इसलिए संबंधित अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने की मांग की गई है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने और अतिक्रमण की संभावनाओं को समय रहते रोकने की अपील की है।
