
लोकायुक्त NEWS
यूपी में गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन जोन में पुलिस ने मोबाइल चोरी और गुमशुदगी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के ट्रांस हिंडन जोन के 7 थानों और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में विभिन्न कंपनियों के कुल 254 गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने रिकवर किए गए सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए, जिससे लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
पुलिस द्वारा ई-एफआईआर पोर्टल और अलग-अलग थानों में दर्ज मोबाइल चोरी, स्नैचिंग तथा गुमशुदगी की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की गई। तकनीकी सर्विलांस, सीडीआर विश्लेषण और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस टीमों ने हरियाणा, बिहार और दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में अभियान चलाकर मोबाइल फोन रिकवर किए।
थाना-वार बरामदगी में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से 50, कौशांबी से 60, खोड़ा से 32, साहिबाबाद से 21, लिंक रोड से 30, शालीमार गार्डन से 42 और टीला मोड़ से 19 मोबाइल फोन बरामद किए गए। रिकवरी प्रतिशत के आधार पर शालीमार गार्डन थाना 66 प्रतिशत और टीला मोड़ थाना 56 प्रतिशत के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों में शामिल रहे।
ट्रांस हिंडन डीसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि मोबाइल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और लोगों को त्वरित राहत मिलती रहे।
