
कुशीनगर । रोटरी क्लब कुशीनगर ने सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए जिला अस्पताल, रविंद्रनगर स्थित दत्तकग्रहण संसाधन इकाई को आरओ वाटर प्यूरीफायर और नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए खिलौने भेंट किए। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ उनके बचपन में खुशियों के रंग भरना है।

दत्तकग्रहण संसाधन इकाई में वर्तमान में सात बच्चों का लालन-पालन किया जा रहा है। इनमें माता-पिता से बिछड़े तथा लावारिस अवस्था में मिले बच्चे शामिल हैं, जिनकी देखभाल विभाग की निगरानी में की जाती है। केंद्र में बच्चों के लिए पेयजल की व्यवस्था हेतु पहले पानी खरीदना पड़ता था। रोटरी क्लब की ओर से आरओ वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराए जाने से स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी और पानी खरीदने की आवश्यकता भी कम होगी।क्लब की ओर से बच्चों को खिलौने भी दिए गए, जो उनके मनोरंजन के साथ मानसिक एवं भावनात्मक विकास में सहायक होंगे।सह संरक्षक वाहिद अली ने कहा कि जरूरतमंद और असहाय बच्चों की सेवा करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। वहीं, अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की गई यह पहल इसी उद्देश्य का हिस्सा है।इस अवसर पर क्लब के सचिव दुर्गेश चतुर्वेदी, सह सचिव अमरेन्द्र सिंह, निदेशक अमित श्रीवास्तव सहित महिला कल्याण विभाग की ओर से नलिन सिंह, प्रीति सिंह, लक्ष्मी उपाध्याय, शशिकला कुशवाहा और रूबी मौजूद रहीं।
