मीट-मछली की दुकानों पर खाद्य विभाग की जांच, चार कारोबारियों पर कार्रवाई

बैलिस्टर तिवारी /लोकायुक्त न्यूज
खड्डा, कुशीनगर। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत शुक्रवार को तहसील खड्डा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मीट एवं मछली की दुकानों का निरीक्षण किया।

कार्रवाई उपजिलाधिकारी खड्डा के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश कुमार राय की उपस्थिति में की गई।खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम बूझावन चौहान के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान कुछ दुकानों पर स्वच्छता एवं रखरखाव में कमी पाए जाने तथा बिना पंजीकरण खाद्य कारोबार संचालित किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 26(2)(v) एवं 31(2) के तहत कार्रवाई की गई।विभागीय प्रेस नोट के अनुसार कार्रवाई की जद में कुल चार कारोबारी आए। इनमें एक मछली विक्रेता तथा तीन चिकन/बकरे के मीट से संबंधित कारोबारी शामिल हैं। सभी प्रतिष्ठानों का पता वार्ड नंबर-11, शास्त्रीनगर, खड्डा, कुशीनगर दर्ज है।खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और वैध पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।

