
लोकायुक्त NEWS 🌟 🔥
पटना। बिहार में एनडीए के दो केंद्रीय मंत्रियों चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के बीच आरक्षण को लेकर शुरू हुई सियासी बयानबाजी अब मुख्यमंत्री चेहरे के मुद्दे तक पहुंचती दिख रही है। चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से उन्हें बिहार का मुख्यमंत्री बनाने का खुला संकल्प जताया गया है।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक राजू तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने चिराग पासवान की मौजूदगी में खुले मंच से बड़ा ऐलान किया। राजू तिवारी ने कहा कि चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सरकार बनाने तथा चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया है।
इस बयान के बाद बिहार की एनडीए राजनीति में नई चर्चा तेज हो गई है। आरक्षण के मुद्दे पर पहले से चल रही चिराग पासवान और जीतन राम मांझी की जुबानी जंग के बीच अब मुख्यमंत्री पद का मुद्दा सामने आने से गठबंधन की राजनीति पर भी सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि, यह पार्टी नेताओं की ओर से किया गया दावा है और इसे एनडीए के आधिकारिक मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा नहीं माना जा सकता। आगामी चुनाव में सीट बंटवारे और नेतृत्व को लेकर तस्वीर आगे और स्पष्ट हो सकती है।
