

लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। जिले में एक पत्रकार के साथ कथित अभद्रता और धमकी का मामला सामने आने से स्थानीय पत्रकारों में रोष व्याप्त है। पीड़ित पत्रकार ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कुशीनगर को शिकायती पत्र सौंपकर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बलूचहां निवासी विनय उपाध्याय एक दैनिक समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं उन्होंने आरोप लगाया है कि रामनवमी के अवसर पर निकली शोभायात्रा के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पत्रकार का कहना है कि यह घटना उस समय हुई जब वे अपने गांव क्षेत्र में मौजूद थे और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी वहां उपस्थित थे। पीड़ित के अनुसार, पडरौना नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल के सरकारी गनर द्वारा उनके साथ सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि गनर ने न सिर्फ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि उन्हें धमकाया भी। इस घटना से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और क्षेत्र में उनकी छवि प्रभावित हुई है। पत्रकार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष को फोन के माध्यम से पूरे प्रकरण की जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि मामले को गंभीरता से लेने के बजाय नजरअंदाज कर दिया गया। इससे पीड़ित और अधिक आहत हुए। अपने प्रार्थना पत्र में पत्रकार ने उल्लेख किया है कि वे लंबे समय से निष्पक्ष और सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं तथा समाज में उनकी एक सकारात्मक पहचान है। ऐसे में बिना किसी कारण इस प्रकार का व्यवहार न केवल उनके सम्मान को ठेस पहुंचाता है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद जिले के पत्रकारों में भी नाराजगी देखी जा रही है और वे जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वही इस सम्बन्ध में नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल से पक्ष लेने के लिए फोन किया गया तो उनका फोन नहीं उठा। जबकि उक्त सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने जांच कराकर कार्रवाई की बात कही।
