Home Uncategorized सड़क हादसे में कुशीनगर के दो पत्रकारों की मौत,दो गम्भीर रूप से...

सड़क हादसे में कुशीनगर के दो पत्रकारों की मौत,दो गम्भीर रूप से घायल

0
5

https://lokayukt.in/wp-content/uploads/2026/03/IMG_20260316_203255.jpg

https://lokayukt.in/wp-content/uploads/2026/03/IMG_20260316_203319.jpg

डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में घुसी डीसीएम ने सामने से मारी टक्कर, कार के पचखड़े उड़े

लोकायुक्त न्यूज

कुशीनगर। लखनऊ से कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे कुशीनगर के चार पत्रकारों की कार सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दो पत्रकारों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार दो अन्य पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे जिले के पत्रकार जगत और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुशीनगर जनपद के पत्रकार धनंजय पाण्डेय (35) पुत्र उमाकांत पाण्डेय, शंभू मिश्रा (45) पुत्र रमाकांत मिश्रा, रमन कुमार (42) पुत्र मुन्रीलाल तथा सुदेश मिश्रा (42) पुत्र हंसराज मिश्रा एक कार से लखनऊ में आयोजित पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश स्तरीय होली मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह में शामिल होने गए थे। सोमवार सुबह सभी लोग कार से वापस कुशीनगर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि कार धनंजय पाण्डेय चला रहे थे। जब उनकी कार संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के रसूलाबाद के पास हाईवे पर पहुंची, तभी गोरखपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक डीसीएम अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में आ गई और सामने से आ रही कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पास के पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल संतकबीरनगर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने धनंजय पाण्डेय और शंभू मिश्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि रमन कुमार और सुदेश मिश्रा की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि धनंजय पाण्डेय पडरौना में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। उनकी पत्नी एक निजी स्कूल में अध्यापिका हैं। वहीं शंभू मिश्रा कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के लकड़वा गांव के निवासी थे। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं, जो बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं। शंभू मिश्रा दवा के व्यवसाय से भी जुड़े थे और इन दिनों पडरौना में अपना मकान बनवा रहे थे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और डीसीएम के अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हादसे की खबर जैसे ही कुशीनगर पहुंची, जिले के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और गहरी संवेदना व्यक्त की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here