
लोकायुक्त न्यूज़
उत्तर प्रदेश में जनपद कुशीनगर के प्रतिभाशाली बधिर क्रिकेट खिलाड़ी आकाश सैनी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को बधिर क्रिकेट एशिया कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले, उत्तर प्रदेश और देश में गर्व की लहर है।
आकाश ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत डायमंड क्रिकेट एकेडमी से की और बाद में कुशीनगर क्रिकेट एकेडमी में अभ्यास जारी रखा। लखनऊ प्रवास के दौरान वे डिफ क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े और उत्तर प्रदेश की ओर से लगभग 20 राष्ट्रीय व जोनल मुकाबले खेले। उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मात्र 17 वर्ष की आयु में उनका चयन भारतीय टीम में हुआ।
18 से 25 फरवरी 2026 तक Asian Deaf Cricket Association द्वारा, Indian Deaf Cricket Association के माध्यम से आयोजित एशिया कप बाराबती स्टेडियम में संपन्न हुआ। भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर खिताब जीता।
जिला क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार ने इसे प्रेरणादायक उपलब्धि बताया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने आकाश को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
