
लोकायुक्त न्यूज़
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत नए मतदाताओं के लिए फार्म-6 भरने संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र के साथ घोषणा पत्र भरना अनिवार्य है तथा नाम, पता, स्पष्ट फोटो और वर्तमान मोबाइल नंबर सही तरीके से अंकित करना आवश्यक है, ताकि मतदाता फोटो पहचान पत्र त्रुटिरहित जारी हो सके।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के अधिकृत पोर्टल voters.eci.gov.in तथा ECINET ऐप के माध्यम से फार्म-6 ऑनलाइन भरा जा सकता है। इच्छुक नागरिक इसे भरकर अपने बूथ लेवल अधिकारी को भी जमा कर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने फोटो अपलोड करते समय मानक का विशेष ध्यान रखने को कहा। फोटो रंगीन, स्पष्ट, पासपोर्ट साइज और हल्की पृष्ठभूमि वाली होनी चाहिए, जिसमें चेहरे का अधिकांश भाग साफ दिखाई दे। खराब गुणवत्ता की फोटो से पहचान में समस्या आ सकती है।
उन्होंने आवेदकों को सलाह दी कि अपना व संबंधी का नाम हिंदी-अंग्रेजी दोनों में भरें, पूरा पता, सही पिनकोड तथा निवास प्रमाण दस्तावेज संलग्न करें। मोबाइल नंबर दर्ज होने से आवेदन की स्थिति ट्रैक करने और ई-EPIC डाउनलोड करने में सुविधा होगी। जिन मतदाताओं के विवरण में त्रुटि है, वे संशोधन हेतु फार्म-8 भर सकते हैं।
