लोकायुक्त NEWS
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के तहत संघ प्रमुख मोहन भागवत लखनऊ विश्वविद्यालय पहुंचे। विश्वविद्यालय संघ के शताब्दी समारोह में उनकी भागीदारी को लेकर परिसर में पहले से ही व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही छात्र संगठन NSUI से जुड़े कुछ छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने “GO BACK” के नारे लगाए और मुख्य गेट के बाहर जमकर नारेबाजी की। मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और विरोध कर रहे छात्रों को हिरासत में लेकर परिसर से बाहर कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात किया गया था। किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए प्रवेश द्वारों पर सघन जांच की गई और कार्यक्रम स्थल को सुरक्षा घेरे में रखा गया।
विरोध के बावजूद शताब्दी समारोह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, शिक्षाविद और आमंत्रित अतिथि मौजूद रहे।
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और विभिन्न छात्र संगठनों के बीच बयानबाजी का दौर जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिसर में शांति और व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
