लोकायुक्त NEWS | कुशीनगर।
जिले के थाना बिशुनपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौरीश्रीराम निवासी किसान रामभजन तिवारी भूमि विवाद में न्याय न मिलने से इस कदर टूट गए कि उन्होंने मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की चेतावनी दे डाली। घटना नगर पंचायत दुदही के वार्ड नंबर 15 गिदहवा की है, जहां किसान के टावर पर चढ़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
पीड़ित रामभजन तिवारी का आरोप है कि कर्ज की मजबूरी में उन्होंने केवल दो डिसमिल जमीन का बैनामा संगीता पत्नी सुशील प्रजापति के नाम किया था, लेकिन धोखाधड़ी कर पूरे आराजी का रकबा बैनामे में दर्ज करा लिया गया। किसान का कहना है कि यह बैनामा पूरी तरह फर्जी है। इस संबंध में उन्होंने एसडीएम तमकुहीराज, जिलाधिकारी कुशीनगर, मंडलायुक्त गोरखपुर, थाना बिशुनपुरा और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हर जगह से सिर्फ आश्वासन मिला, न्याय नहीं।
न्याय की उम्मीद टूटने और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर रामभजन तिवारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए और साफ शब्दों में कहा—“या तो न्याय दो, नहीं तो यहीं से कूदकर जान दे दूंगा।” सूचना पर पहुंची पुलिस काफी देर तक समझाती रही, लेकिन किसान नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। बाद में SDM तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा मौके पर पहुंचीं और लिखित आश्वासन देकर किसान को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
इस घटना ने प्रशासनिक उदासीनता और भूमि विवादों में शिकायत निस्तारण की गंभीर सच्चाई को उजागर कर दिया है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन दोषियों पर कार्रवाई करेगा या मामला एक बार फिर फाइलों में दब जाएगा।
