
लोकायुक्त न्यूज़
उत्तर प्रदेश के इटावा में बैंक लोन और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र से पुलिस ने शातिर ठग आशीष कुमार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक जोड़ी पायल, एक मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और नकद रुपये बरामद किए गए हैं।
नौरंगाबाद निवासी दीपक शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने बैंक से लोन दिलाने का झांसा देकर उससे एक लाख रुपये से अधिक की ठगी की। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच तेज की और कचौरा रोड निवासी आशीष कुमार को धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ इटावा और फिरोजाबाद के कई थानों में लाखों रुपये की ठगी के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। सीओ सिटी अभय नारायण ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और पीड़ितों से आगे आने की अपील की गई है।
