
लोकायुक्त NEWS
उत्तर प्रदेश के बलिया शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र स्थित कुँवर सिंह चौराहा के पास दिनदहाड़े दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच हाथापाई चलती रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष के लोगों ने दूसरे युवक को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मारपीट करने वाले दबंग मौके से आसानी से निकल गए, जबकि पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर पीड़ित युवक को ही थाने ले जाकर बैठा लिया। इस कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि घटना स्थल से महज 200–300 मीटर की दूरी पर डीएम, एसपी, सीओ और सीडीओ समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के आवास और कार्यालय मौजूद हैं। ऐसे अति संवेदनशील क्षेत्र में खुलेआम मारपीट की घटना ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल मारपीट के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ जारी है।
