फिरोजाबाद में करोड़ों की अवैध शराब पकड़ी: 810 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, पंजाब से बिहार जा रही खेप एक्सप्रेसवे पर धरी!
लोकायुक्त NEWS
यूपी के फिरोजाबाद जनपद में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में एसओजी और मटसेना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है।
पुलिस ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के दतावली अंडरपास के पास से एक ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें धान की भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई 810 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बताया जा रहा है कि यह खेप पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी में शामिल दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार तस्कर काफी शातिर तरीके से शराब को छिपाकर ले जा रहे थे ताकि चेकिंग के दौरान पकड़ में न आएं।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
