Home HOME पति को पकौड़े लाने भेजते ही गायब हुई नवविवाहिता, प्रेमी के साथ...

पति को पकौड़े लाने भेजते ही गायब हुई नवविवाहिता, प्रेमी के साथ फरार होने का शक

0
4

LOKAYUKT NEWS

मुरादाबाद: मुरादाबाद के बिलारी बस स्टैंड से एक नवविवाहिता के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। महिला अपने पति के साथ बस से सफर कर रही थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में वह रहस्यमय ढंग से गायब हो गई। पति ने पत्नी के किसी युवक के साथ चले जाने की आशंका जताते हुए पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार अमरोहा जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव ओसामाफी निवासी पीतम सिंह की शादी 1 दिसंबर 2025 को रामपुर जिले की रहने वाली 18 वर्षीय रिमझिम से हुई थी। होली के त्योहार के चलते रिमझिम करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके गई हुई थी। सोमवार 9 मार्च को पीतम सिंह अपनी पत्नी को ससुराल से विदा कराकर घर वापस ला रहा था। दोनों सैफनी से बिलारी पहुंचे और वहां से मुरादाबाद जाने के लिए रोडवेज बस में बैठ गए।

पकौड़े लेने गया पति, इसी बीच गायब हुई पत्नी
दोपहर करीब 2 बजे बिलारी बस स्टैंड पर बस रुकने के दौरान रिमझिम ने अपने पति से पकौड़े खाने की इच्छा जताई और उसे पास की कैंटीन से पकौड़े व पानी लेने के लिए भेज दिया। जब पीतम सिंह कुछ देर बाद पकौड़े लेकर बस में लौटा तो उसकी पत्नी सीट पर मौजूद नहीं थी। पति ने पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। बस में मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला किसी से मोबाइल पर बात करते हुए बस से नीचे उतर गई थी।

प्रेमी के साथ जाने का शक
काफी देर तक बस स्टैंड और आसपास के इलाके में तलाश करने के बाद भी जब रिमझिम का कोई पता नहीं चला तो पीतम सिंह ने बिलारी थाने में तहरीर दी। उसने आशंका जताई कि उसकी पत्नी रामपुर जिले के सैफनी थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव निवासी इमरान नाम के युवक के साथ चली गई है।

पुलिस कर रही तलाश
पुलिस के मुताबिक महिला की लंबाई करीब 5 फुट 3 इंच, रंग गोरा और शिक्षा इंटरमीडिएट तक है। बिलारी थाना पुलिस ने पति की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। मामले की जांच उपनिरीक्षक विनीत कुमार को सौंपी गई है और महिला की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here