
संतकबीरनगर । जनपद के धनघटा तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने जनसामान्य की शिकायतों को सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
धनघटा तहसील में कुल 28 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 प्रकरणों का जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही निस्तारण कराया गया। वहीं 2 मामलों में स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों की टीम मौके पर भेजी गई, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा की गई। उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, उप जिलाधिकारी धनघटा डॉ. सुनील कुमार, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा अभय मिश्रा, नायब तहसीलदार हरेराम यादव सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में तहसील खलीलाबाद में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां कुल 41 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि 7 मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजी गई। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार, नायब तहसीलदार प्रियंका तिवारी सहित अन्य राजस्व अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं तहसील मेंहदावल में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई उप जिलाधिकारी संजीव राय की उपस्थिति में संपन्न हुई। यहां कुल 34 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया, जबकि 5 मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजी गई। शेष प्रकरणों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जनपद की तीनों तहसीलों में कुल 103 फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई की गई, जिनमें से 18 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया तथा 14 प्रकरणों में मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई के लिए टीम भेजी गई।
