
मोहम्मद सईद।। संत कबीर नगर, 28 फरवरी 2026 ।
जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से थाना कोतवाली खलीलाबाद में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस संबंधी प्रकरणों सहित विभिन्न शिकायतों को गंभीरता से लिया गया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि थाना समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा आवश्यक होने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के शीघ्र निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। जिन प्रकरणों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से अपेक्षित है, उनमें स्पष्ट रिपोर्ट लगाकर समय से अग्रसारित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक दौड़भाग न करनी पड़े।
अधिकारियों ने उपस्थित जनता को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का निष्पक्ष एवं विधिसम्मत समाधान कराया जाएगा। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद अरुण कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।