Homeब्रेकिंग न्यूज़कुशीनगर में 10 लाख की ज्वेलरी लूट का खुलासा, 5 दिन में...

कुशीनगर में 10 लाख की ज्वेलरी लूट का खुलासा, 5 दिन में पुलिस का बड़ा एक्शन — 4 बदमाश गिरफ्तार !

लोकायुक्त NEWS

यूपी में कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में 14 फरवरी को सर्राफा व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट का पुलिस ने महज पांच दिन में खुलासा कर दिया। संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, अवैध असलहे, कार व मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार सेमरा निवासी व्यापारी भीम वर्मा 14 फरवरी की शाम देवतहा बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में बदमाशों ने स्लेटी रंग की सेन्ट्रो कार से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गिरते ही आरोपितों ने असलहे के बल पर धमकाकर आभूषणों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विशेष अभियान शुरू किया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी खड्डा के नेतृत्व में स्वाट, सर्विलांस, साइबर सेल, डायल-112 और स्थानीय थानों की छह टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 19 फरवरी को चारों आरोपितों को दबोच लिया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह ने कई दिनों तक व्यापारी की रेकी कर सुनसान स्थान चिन्हित किया और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपितों से 40.92 ग्राम सोना, 1.39 किलोग्राम चांदी, 5000 रुपये नकद, दो बाइक, सेन्ट्रो कार, चार मोबाइल, आठ सिम तथा पिस्टल व तमंचा सहित कारतूस बरामद किए।

घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments