Home उत्तर प्रदेश कुशीनगर के चार होनहारों ने UPSC में लहराया परचम !

कुशीनगर के चार होनहारों ने UPSC में लहराया परचम !

0
12

सिकटा के पवन पांडेय 138वीं, दुदही की इंदु बारी 230वीं, महुअवां के आकाश कुमार 438वीं और सिंघा के विनय वर्मा 712वीं रैंक के साथ जिले का बढ़ाया मान

।।लोकायुक्त न्यूज़।।

कुशीनगर। जिले के चार होनहार युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। पडरौना तहसील क्षेत्र के ग्राम सिकटा निवासी पवन कुमार पांडेय, नगर पंचायत दुदही की इंदु बारी, तुर्कपट्टी क्षेत्र के महुअवां गांव निवासी आकाश कुमार तथा रामकोला क्षेत्र के सिंघा गांव निवासी विनय वर्मा ने Union Public Service Commission की सिविल सेवा परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। चारों की उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। पडरौना तहसील क्षेत्र के सिकटा गांव निवासी पवन कुमार पांडेय ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 138वीं रैंक हासिल की है। इससे पहले वर्ष 2024 की सिविल सेवा परीक्षा में उन्होंने 334वीं रैंक प्राप्त की थी, जिसके बाद उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में हुआ था और वर्तमान में वे नागपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। पवन के पिता रघुवीर पांडेय गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता किरण देवी गृहिणी हैं। पवन की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। वहीं नगर पंचायत दुदही निवासी होनहार छात्रा इंदु बारी ने इस परीक्षा में 230वीं रैंक प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। इंदु बारी शिक्षक राम इकबाल बारी की पुत्री हैं। उनकी सफलता की खबर मिलते ही क्षेत्र में बधाई देने वालों का तांता लग गया और लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। तुर्कपट्टी क्षेत्र के महुअवां गांव निवासी आकाश कुमार ने इस परीक्षा में 438वीं रैंक हासिल की है। आकाश के पिता अरविंद रावत पडरौना तहसील में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं।बेटे की सफलता की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी और मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की। आकाश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री प्राप्त की तथा चौथे प्रयास में यह सफलता हासिल की। वहीं रामकोला क्षेत्र के सिंघा गांव निवासी विनय वर्मा को इस परीक्षा में 712वीं रैंक मिली है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। परिवार और स्थानीय लोगों ने पटाखे फोड़कर तथा मिठाई बांटकर जश्न मनाया। विनय के पिता छोटे लाल वर्मा रामकोला नगर में स्वर्ण और साइकिल व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता नर्मदा देवी गृहिणी हैं। विनय की प्रारंभिक शिक्षा पडरौना में हुई। इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने कोटा में दो वर्षों तक तैयारी की और वर्ष 2018 में IIT की परीक्षा पास कर इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने टाटा कंपनी में करीब छह महीने नौकरी की, लेकिन सिविल सेवा में जाकर समाज के लिए कार्य करने के लक्ष्य के कारण नौकरी छोड़कर दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी शुरू की। लगातार मेहनत के बाद तीसरे प्रयास में उन्हें सफलता मिली। कुशीनगर जिले के इन चारों युवाओं की सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और इससे अधिक से अधिक छात्र सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए आगे आएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here